सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।आसीवन थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 पुलिस को गुरुवार देर रात एक पिता-बेटे के मोहल्ले में शराब पीकर गाली गलौज करने की शिकायत 112 पुलिस को मिली। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गाली गलौज कर रहे पिता बेटे को पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो वह छत पर चढ़ गया। ईंट पत्थर चलाने शुरू कर दिए। पुलिस कर्मी छत पर चढ़े तो एक सिपाही को पिता-बेटे ने छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया है। पिता पुत्र को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है।
बता दे की थाना क्षेत्र के गौरा कला निवासी हरिओम शर्मा ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी की सरवन (57) पुत्र नन्हा और सरवन का बेटा मनीष (21) शराब के नशे में धुत होकर गाली गलौज कर रहे हैं। सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस मौके पर रवाना हुई। पुलिस के पहुंचते ही पिता बेटे ने पुलिसकर्मियों पर छत पर चढ़कर ईंट पत्थर चलाना शुरू कर दिया। बचाव करते हुए सिपाही कृष्ण देव घर में घुसकर छत पर चढ़ा और दोनों को पकड़ने का प्रयास करने लगा था। इसी दौरान पिता पुत्र ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वह नीचे गिरा और उसके सिर-पैर में गंभीर रूप से चोट लग गई। साथ ही उसका मोबाइल भी खो गया। मौके पर मौजूद एक साथी पुलिसकर्मी ने उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी मियागंज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने बीएनएस के तहत सरवन और मनीष के खिलाफ गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज कर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।