
-आर के श्रीवास्तव: प्रमुख संवाददाता
सर्दियों में बुखार-जुकाम, खांसी और गले में खराश होना आम है। ये समस्याएं उन्हें ज्यादा होती हैं, जिनकी इम्यूनिटी कमजोर होती है। हालांकि अपने खानपान में कुछ चीजें शामिल करके इम्यूनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाया जा सकता है। इसके लिए हमारे किचन में मौजूद लहसुन बहुत ही कारगर है।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, रोजाना लहसुन खाने वालों को सर्दी-जुकाम का खतरा 63% तक कम होता है। इसी लाइब्रेरी में पब्लिश एक अन्य स्टडी के अनुसार, लहसुन खाने से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल लेवल कंट्रोल में रहता है।
सर्दियों में रोजाना लहसुन खाने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। लहसुन में एंटीऑक्सिडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को स्ट्रॉन्ग बनाते हैं, जिससे बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है।
इसके अलावा लहसुन शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है। इससे ब्लड प्रेशर कंट्रोल होने के साथ ही हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा भी कम होता है।
लहसुन में कुछ कैंसर रोधी तत्व भी पाए जाते हैं, जो कैंसर सेल्स को डेवलप होने से रोकते हैं। इसमें ब्लड प्यूरिफाई करने वाले गुण होते हैं, जो खून की गंदगी को साफ करने का काम करते हैं।
वहीं लहसुन की तासीर गर्म होती है। ऐसे में सर्दियों में इसके सेवन से ठंड भी कम लगती है।
कच्चा लहसुन इस तरह से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं
• सुबह-सुबह खाली पेट लहसुन की 1-2 कलियां खा सकते हैं।
• लहसुन का अचार बना सकते हैं, जो खाने में बड़ा ही स्वादिष्ट होता है।
• लहसुन को शहद के साथ मिलाकर भी खाया जा सकता है।
• चटनी के रूप में भी लहसुन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
• लहसुन को देसी घी में भूनकर भी खाया जा सकता है।
• सर्दियों में लहसुन का काढ़ा बनाकर भी पी सकते हैं। इसके लिए 1 गिलास पानी में अदरक और हल्दी के साथ 2-3 लहसुन की कलियों को कूटकर खूब उबालें। इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए शहद या नींबू भी डाल सकते हैं। 10 मिनट उबालने के बाद इसे छानकर पी लें।
*सर्दियों में इन लोगों को लहसुन नहीं खाना चाहिए*
डॉ. पी. के. श्रीवास्तव बताते हैं कि छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के लहसुन नहीं खाना चाहिए। डायरिया और लिवर के मरीजों को भी लहसुन नहीं खाना चाहिए। इसके अलावा जिन लोगों को एसिडिटी की समस्या है, लहसुन खाने से उनके सीने में जलन हो सकती है।
लहसुन किस समय खाना चाहिए
लहसुन सुबह खाली पेट खाना ज्यादा फायदेमंद है। इसे खाने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि लहसुन की एक-दो कलियां लें, उसे कूट लें और गर्म पानी के साथ खाएं।
इसके अलावा रात को सोने से पहले भी लहसुन खाया जा सकता है। लहसुन में ट्रिप्टोफैन नामक अमीनो एसिड होता है, जिससे बेहतर नींद आती है। ध्यान रखें कि लहसुन को कूटकर ही खाएं और खाने के बाद अधिक ठंडा पानी न पिएं। यह नुकसानदायक हो सकता है।