
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।शुक्लागंज स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है। केंद्र पर तैनात प्रभारी चिकित्सक डॉ. राकेश चंद्रा सुबह 11 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे, जबकि कई मरीज उपचार के इंतजार में मौजूद रहे।इसी दौरान एक इमरजेंसी मरीज को समुचित उपचार न मिलने के कारण निजी अस्पताल रेफर करना पड़ा। सीने में दर्द से तड़पता रहा मरीज जानकारी के अनुसार, नेहरू बाग स्थित मलिक ब्रसेस में कार्यरत हफीजुरहमान पुत्र अजीजुरहमान (निवासी चमनगंज, कानपुर) फैक्ट्री जाते समय राजधानी मार्ग पर अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस होने पर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टर मौजूद न होने के कारण मरीज को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। बाद में स्टाफ ने उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख के अभाव में स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। हालत बिगड़ने पर स्टाफ ने परिजनों को निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और मरीज को कानपुर के एक कार्डियोलॉजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र में आक्रोश स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। समय पर चिकित्सक उपलब्ध न होने से मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।अब देखना है कि संबंधित अधिकारी इस लापरवाही पर क्या कदम उठाते हैं।

