
अमेठी, 09 अमेठी संसदीय क्षेत्र के सांसद माननीय किशोरी लाल शर्मा का 09 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित चार दिवसीय अमेठी–रायबरेली क्षेत्र भ्रमण जनसेवा, विकास कार्यों की समीक्षा और जनसंवाद का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आ रहा है। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
अपने प्रवास के दौरान सांसद श्री शर्मा ने विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ-साथ आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के सुख-दुख में सहभागिता और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
इसी क्रम में सांसद द्वारा सांसद विकास निधि से सलोन विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की गई, जिसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है। इस निर्णय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी, जिससे आम जनजीवन को सीधा लाभ पहुंचने की उम्मीद है।
अमेठी और रायबरेली का गांधी परिवार से ऐतिहासिक, वैचारिक और भावनात्मक संबंध रहा है। सांसद किशोरी लाल शर्मा इस परंपरा को सम्मान और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाते हुए जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता और विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र की जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए हुए हैं।
यह चार दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम केवल प्रशासनिक सक्रियता तक सीमित न होकर अमेठी–रायबरेली की जनता के साथ गहरे भावनात्मक जुड़ाव और विश्वास को मजबूत करने का माध्यम बनता दिखाई दे रहा है। सांसद का यह दौरा क्षेत्र की अपेक्षाओं, आशाओं और आत्मीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला माना जा रहा है।

