
अमेठी। शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर गौरीगंज थाने में जिलाधिकारी सुश्री निशा अनंत और पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से जन समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, रास्ता विवाद, वाद-विवाद व पुलिस से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौजूद राजस्व, पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा है कि आम जनता की समस्याओं का निस्तारण थाने और तहसील स्तर पर ही हो, ताकि लोगों को बार-बार उच्चाधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि यह जनविश्वास का माध्यम बने।
मौके पर मौजूद लोगों ने समाधान दिवस की प्रक्रिया को सराहनीय बताया और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष सहित राजस्व व पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।