
फतेहपुर।। जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह और पुलिसअधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तरीय व तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने खान अधिकारी से जिले में संचालित खनन क्षेत्रों की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध खनन व अवैध परिवहन किसी भी दशा में न होने पाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
डीएम ने निर्देश दिया कि अवैध खनन व ओवरलोडिंग के खिलाफ संवेदनशीलता के साथ प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए। खनन वाले क्षेत्रों में नियमानुसार खनिज चौकी स्थापित करने और शहर के अंदर से खनिज का परिवहन न होने देने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि तहसील व थाना स्तर पर गठित फोर्स पूरी तरह क्रियाशील रहे और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उपजिलाधिकारी खागा व बिन्दकी, तहसीलदार सदर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), खान निरीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

