
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम हिम्मतपुर में पत्नी के ऊपर चारित्रिक संदेह होने पर रामप्रकाश यादव पुत्र नत्थू सिंह यादव (पूर्व प्रधान) ने घर में अपने सात वर्षीय पुत्र के साथ सो रही पत्नी संगीता देवी (43) की कुल्हाड़ी से गर्दन, सिर और चेहरे पर ताबडतोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी।
सूत्रों के मुताबिक़ पति रामप्रकाश (60) और पत्नी संगीता देवी की उम्र में अधिक अंतर होने से पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह रहता था। इस कारण दोनों में कई बार झगड़ा भी हुआ। शुक्रवार रात लगभग 12 बजे जब पूरा गांव और घर के सभी सदस्य गहरी नींद के आगोश में डूबे थे। संगीता देवी भी अपने सबसे छोटे पुत्र 7 वर्षीय कृष्णा के साथ घर के अंदर सो रही थी।
तभी पति रामप्रकाश ने उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर मरणासन्न कर दिया। अपनी मां के खून से लथपथ पुत्र कृष्णा मदद के लिए चीखने लगा। आवाज सुन परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो खून में सनी संगीता देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जया गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने पुत्रों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।