
कानपुर।।कानपुर में HDFC बैंक की एक शाखा में बड़ा विवाद हो गया है। बैंक की महिला कर्मचारी ने ग्राहक के साथ तीखी बहस की और गुस्से में आकर गाली-गलौज की। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कर्मचारी खुद को ठाकुर बताकर धमका रही है।
पनकी ब्रांच में हुआ हादसा
घटना कानपुर के पनकी क्षेत्र स्थित HDFC बैंक की शाखा की है। वायरल वीडियो में महिला कर्मचारी आस्था सिंह नाम की दिख रही हैं। वे ग्राहक से किसी बात पर भड़क गईं और तैश में आकर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगीं। वीडियो में वे कहती नजर आ रही हैं ‘ठाकुर हूं मैं, तेरी ऐसी की तैसी कर दूंगी’। गुस्से में वे लैपटॉप तक उठाकर ग्राहक पर मारने की कोशिश करती दिखीं लेकिन अन्य लोग बीच में आकर उन्हें रोकते हैं।
जाति का रौब दिखाने का आरोप
वीडियो में सबसे ज्यादा विवाद इस बात पर है कि कर्मचारी ने सरेआम अपनी जाति का हवाला देकर रौब झाड़ा। ‘ठाकुर हूं मैं’ कहकर उन्होंने ग्राहक को धमकाया और डराने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे जातिवादी व्यवहार बताया और बैंक से सख्त कार्रवाई की मांग की। कई यूजर्स ने कहा कि बैंक जैसी प्रोफेशनल जगह पर यह व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद X, पर भारी प्रतिक्रियाएं आईं। लोग HDFC बैंक को टैग कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कुछ ने कहा कि कर्मचारी की नौकरी खतरे में होनी चाहिए जबकि कुछ ने पूछा कि क्या बैंक में जाति का इस्तेमाल करना जायज है। वीडियो में ग्राहक भी बहस में शामिल दिख रहे हैं लेकिन कर्मचारी का आक्रामक रवैया ज्यादा चर्चा में है।
बैंक की ओर से अभी कोई बयान नहीं
अभी तक HDFC बैंक की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जांच की मांग उठ रही है कि क्या कर्मचारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी या कानूनी शिकायत दर्ज होगी। पुलिस ने भी अभी तक कोई FIR की जानकारी नहीं दी है।


