
कानपुर देहात/पुखरायां।कानपुर देहात के राजपुर क्षेत्र में लगातार तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।गुबार बिजहरा के बाद अब जल्लापुर सिकंदरा में भी तेंदुआ देखा गया है।ग्रामीण खौफ के कारण अपने घरों में दुबके हुए हैं और उन्होंने वन विभाग से जाल बिछाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।रविवार रात जल्लापुर सिकंदरा गांव की बस्ती में एक तेंदुआ घूमता हुआ नजर आया।ग्रामीणों ने शोर मचाकर एक दूसरे को सतर्क किया।
सोमवार सुबह इस घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई।इसके पहले गुरुवार को राजपुर के बिजहरा गांव के खेतों में एक तेंदुआ देखा गया था।वहीं कुछ दिन पूर्व भोगनीपुर क्षेत्र के बीहड़ पट्टी गांव दिबैर के रास्ते में झाड़ियों में एक तेंदुआ बैठा दिखाई दिया था।
राहगीरों ने इसकी फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए और वन विभाग को सूचना दी।इसके दो दिन बाद गुबार पिचौरा के जंगल से गांव की ओर जाते हुए तेंदुआ दिखाई दिया।जिसके खौफ से किसानों ने खेतों में काम करना बंद कर दिया था।राजपुर क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
भोगनीपुर के वन रेंजर स्वामीदीन ने बताया कि कानपुर चिड़ियाघर से वन टीम को बुलाने के लिए डीएफओ को पत्राचार किया गया है।उन्होंने यह भी बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च टीम सक्रिय कर दी गई है और इस संबंध में प्रयास जारी हैं।


