
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक पत्नी ने शराब के नशे में अपने पति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी महिला ने मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई सामने आते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय पप्पू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पप्पू की पत्नी वीरांगना अपने चार साल के बेटे जय को लेकर बुधवार सुबह पनकी स्थित अपनी बहनों के घर गई थी। शाम को वह शराब के नशे में घर लौटी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि वीरांगना ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर 10 से 15 बार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पप्पू फर्श पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
एक्सीडेंट की झूठी सूचना देकर गुमराह करने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी महिला ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाली सास को सूचना दी कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने महिला को घर में खून साफ करते हुए देखा, जिससे संदेह गहरा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पप्पू को पहले एक निजी अस्पताल और फिर हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के माता-पिता ने बताया कि पप्पू की शादी वर्ष 2019 में बांदा जिले के तिंदवारी क्षेत्र की वीरांगना से हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी महिला अक्सर शराब पीकर हिंसा करती थी। मां बिटोला देवी के अनुसार, वीरांगना ने परिवार के अन्य सदस्यों को घर से बाहर निकाल दिया था, जिसके चलते वे लोग खेत में झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर थे।
आरोपी जेल भेजी गई
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



