
झाँसी (बबीना)। भाजपा बबीना कैंट मंडल अध्यक्ष डॉ. शिखा साहू ने झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा से भेंट कर बबीना क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने सांसद को एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज की जर्जर बिल्डिंग व छत की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। डॉ. शिखा ने बताया कि यह विद्यालय बबीना कस्बा एवं आसपास के लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र के गरीब बच्चों के लिए सबसे उपयुक्त शिक्षण संस्थान है, लेकिन इसकी इमारत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिसकी मरम्मत तत्काल आवश्यक है।
दूसरी बड़ी समस्या के रूप में बबीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा रखा गया। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से पहले यहाँ कई ट्रेनों का ठहराव होता था, लेकिन अब बंद है, जिन्हें पुनः शुरू किया जाना चाहिए।
इसके अलावा छावनी परिषद बबीना क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएँ भी सांसद के समक्ष रखी गईं। इनमें तालाब की बदहाल स्थिति व उसकी वर्षों से न हुई सफाई, प्राचीन माता मंदिर जाने वाले मार्ग के निर्माण की आवश्यकता तथा नगर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार की माँग प्रमुख रही।
सांसद अनुराग शर्मा ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए जनता को पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाज सेवी डॉ. जय कुमार साहू, मंडल महामंत्री मनोज साहू एवं सौरभ गुप्ता भी मौजूद रहे।



