
संवाददाता सचिन पाण्डेय
बीघापुर (उन्नाव)।
गुरुवार सुबह ऊंचगांव चौराहे पर एक भीषण हादसे ने लोगों को दहला दिया। भगवंतनगर से बक्सर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर, भोजपुर की ओर से आ रही एक कार से जोरदार भिड़ गया टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित “शैलेन्द्र गारमेंट्स” की दुकान में जा घुसा , जिससे दुकान की दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना सुबह 7:30 बजे की है जब ऊंचगांव निवासी भाष्कर दीक्षित अपने बेटे को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह ऊंचगांव चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे डंपर ने उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में भाष्कर दीक्षित व डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए
अस्पताल में भर्ती, कानपुर रेफर
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से बीघापुर अस्पताल भिजवाया। भाष्कर दीक्षित की हालत गंभीर देखते हुए परिजनों ने उन्हें कानपुर के निजी अस्पताल में शिफ्ट किया जबकि डंपर चालक को जिला अस्पताल भेजा गया है।
45 मिनट तक रहा जाम, क्रेन से हटाया गया डंपर
हादसे के बाद ऊंचगांव चौराहे पर करीब 45 मिनट तक जाम लग गया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र नाथ मिश्रा ने क्रेन की मदद से डंपर हटवाया और यातायात बहाल कराया। उन्होंने बताया कि “सुबह का वक्त था, बाजार में भीड़ नहीं थी, वरना हादसा और भयावह हो सकता था।”
गनीमत: दुकान में ग्राहक नहीं थे, वरना हो सकती थी जनहानि
जिस वक्त डंपर दुकान में घुसा, उस समय दुकान बंद थी और कोई ग्राहक मौजूद नहीं था जिससे बड़ी जनहानि टल गई । हालांकि शैलेन्द्र गारमेंट्स को भारी नुकसान हुआ है।
सवाल बरकरार है – कब कसेगी तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम? क्या ऊंचगांव चौराहे पर कोई ट्रैफिक कंट्रोल उपाय होंगे?


