
अमेठी। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन के तत्वावधान में एमजेएस मेमोरियल ग्रीन वैली स्कूल, मुसाफिरखाना रोड, गौरीगंज में बच्चों को साइबर सुरक्षा और आपातकालीन मदद से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर के उपयोग और साइबर अटैक से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
गौरव श्रीवास्तव ने बच्चों को बताया कि यदि वे किसी संकट में हों या किसी अन्य बच्चे को परेशानी में देखें, तो 1098 नंबर पर 24×7 निःशुल्क कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी चेताया कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से बात न करें, व्यक्तिगत जानकारी जैसे पासवर्ड या ईमेल साझा न करें और अपनी निजी तस्वीरें ऑनलाइन पोस्ट करने से बचें, क्योंकि यह बदले की भावना से साइबर क्राइम की ओर ले जा सकता है।
कार्यक्रम में रोशन लाल ने 1098 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी, वहीं रुचि सिंह ने 112, 1076, 1090, 181 और 108 नंबरों की उपयोगिता तथा कन्या सुमंगला और स्पॉन्सरशिप योजनाओं की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक संदीप कुमार मौर्य, कमला कांत तिवारी एवं साक्षी सिंह सहित स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।


