
अमेठी। ब्लॉक शाहगढ़ के ग्राम कौहार स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय (योग वैलनेस सेंटर) में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत प्रातःकालीन योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसायटी के निदेशक हरिकेश चौरसिया के निर्देशानुसार एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
योग प्रशिक्षक राजेश कुमार दुबे व सहायक राजमोहन द्वारा प्रतिभागियों को योग अभ्यास कराया गया। योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के अंतर्गत विभिन्न योगासनों — ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, कुर्सी आसन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन — के साथ-साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम, प्रणव एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
शिविर में प्रतिभागियों को आहार-विहार, दिनचर्या, घरेलू उपचार, नेचुरोपैथी व एक्यूप्रेशर की जानकारी भी दी गई। योग से जुड़ी जीवनशैली अपनाकर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि योग न केवल बीमारियों से लड़ने की ताकत देता है, बल्कि मानसिक शांति व अनुशासन भी प्रदान करता है। बच्चों में योग के प्रति जागरूकता पैदा करके हम स्वस्थ राष्ट्र की नींव रख सकते हैं।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी श्री लक्ष्मण प्रसाद, सहायक विकास अधिकारी राम दिन गौतम, ग्राम विकास अधिकारी लाल बहादुर, जेई (एमआई विभाग), पंचायती राज व ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विमल कुमार मौर्य, राम उजागर यादव, जंग बहादुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि योग अब विलासिता नहीं, बल्कि जीवन की आवश्यकता है। प्रशिक्षक राजेश कुमार द्विवेदी का योगदान समाज में स्वास्थ्य चेतना फैलाने में उल्लेखनीय है।



