
लखनऊ, 14 जून 2025:
उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने परिवार सहित सौजन्य भेंट की।
इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने आत्मीयता एवं सौहार्द्र से मंत्री कश्यप के परिवार का स्वागत किया। मुलाक़ात को और भी भावुक बनाते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्री की जुड़वा नातिनों को गोद में उठाकर स्नेहपूर्वक दुलार किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जिस आत्मीयता और प्रेम से मेरे परिवार को आशीर्वाद दिया, वह हमारे लिए गौरव, ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। हम उनके इस स्नेह के लिए हृदय से आभार प्रकट करते हैं।”
इस मुलाक़ात ने न केवल पारिवारिक सौहार्द्र का उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों के प्रति व्यक्तिगत स्नेह और आत्मीयता से जुड़े रहते हैं।



