
सुल्तानपुर।।योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का एक संपूर्ण माध्यम है ।योग हमें अनुशासन सिखाता है।कोई भी राष्ट्र अपने अनुशासन से ही महान बनता है । आज दुनिया ने योग की महत्ता को स्वीकारा ही नहीं ,बल्कि सराहा और अपनाया भी है।उक्त बातें सुलतानपुर जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक आई पी एस बृजनारायण सिंह ने कही।

वह आज बारहवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के अवसर पर सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर के परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्य तथा भैया बहनों के साथ योग भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा वीणादिनि मां सरस्वती, भारत माता,ऊंकार एवं योग के प्रवर्तक महर्षि पतंजलि के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने श्री फल तथा अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।

प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने योग कार्यक्रम में सम्मिलित छात्रों, अभिभावकों तथा आचार्य बन्धु/भगिनी को अपनी शुभकामनाएं देते हुए योग को अपनी दिनचर्या में सम्मिलित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक दृढ़ता के साथ ही हमें चिरायु तथा आरोग्य प्रदान करने वाला है।वरिष्ठ आचार्य अनिल पाण्डेय द्वारा अतिथि परिचय कराया गया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग प्रमुख विवेकानंद यादव ने योगाभ्यास कराया। इस कार्य में शारीरिक विभाग की आचार्या रागिनी मिश्रा आचार्य द्वारिका नाथ पाण्डेय,संतोष तिवारी तथा शुभम सिंह उनके सहयोगी रहे।

आचार्या पूजा शुक्ला ने मुख्य अतिथि,अन्य अतिथियों तथा कार्यक्रम के सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आचार्य देवेन्द्र कुमार पाठक ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के हजारों छात्र, आचार्य तथा अभिभावक उपस्थित रहे।



