
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना महानगर पुलिस को अपराध नियंत्रण और चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए निशातगंज स्थित नेता जी पार्क के पास से एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से 1 किलोग्राम और 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान अमन सोनकर उर्फ चिकना उम्र लगभग 25 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय राजन सोनकर, निवासी 512/234 पाँचवीं गली निशातगंज, थाना महानगर, लखनऊ के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह ज्यादा पैसे कमाने के लालच में घूम-घूम कर लोगों को गांजा बेचा करता था। पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर पार्क के कोने में झाड़ियों के बीच प्लास्टिक की पन्नी में छिपाकर रखा गया 01 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।
पकड़े गए अभियुक्त अमन सोनकर उर्फ चिकना का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी थाना महानगर और थाना मदेयगंज में मारपीट, चोरी और धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं IPC 323, 336, 379, 411, 420 आदि के तहत मामले दर्ज हैं।
इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना महानगर पर मु०अ०सं० 111/2026 के अंतर्गत धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप-निरीक्षक उ०नि० अरुण प्रताप सरोज, उप-निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, कांस्टेबल का० राकेश चौबे, कांस्टेबल मोहित सिंह और कांस्टेबल शिवकुमार शामिल रहे।




