सचिन पांडे
उन्नाव। मां ने अपने 5 साल के बेटे की हत्या कर दी। फिर सुसाइड कर लिया। सास की सेवा नहीं करने पर पति से विवाद हुआ था। घटना के समय पति घर से बाहर था। वह लौटकर कमरे में पहुंचा तो बेटे और पत्नी के शव देखकर बेहोश होकर गिर गया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। महिला के मायके वालों ने पति और सास पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। किसी तरह पुलिस ने समझाकर मां-बेटे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना अजगैन कोतवाली क्षेत्र के मलाव गांव की है। पुलिस के मुताबिक, देशराज मुंबई में रहकर नौकरी करता था। कुछ महीने पहले वह घर आया था। पत्नी शांति (30) और 5 साल के बेटे देवराज और मां गुड्डी के साथ रहता था। पड़ोसियों ने बताया- सुबह शांति घर में काम कर रही थी। पति देशराज खेतों की तरफ गया था। शांति का 5 साल का बेटा देवराज अपनी दादी के पास बैठा था। कुछ देर बाद अचानक शांति उठी और बेटे को गोद में लेकर कमरे में चली गई। जब देशराज खेत से लौटा तो तो पत्नी को आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं आया तो वह कमरे की तरफ गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह छत के सहारे कमरे में गया। पत्नी और बेटे का शव फंदे से लटका देख चिल्ला उठा। आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तब तक वह बेहोश हो गया था। बताया जा रहा है कि शांति ने साड़ी का फंदा बनाकर पहले बेटे को लटकाया, जब उसकी मौत हो गई तो उसी साड़ी से फंदा लगाकर शांति ने भी सुसाइड कर लिया। पत्नी-बच्चे और मां के साथ अलग रहता है देशराज मोहल्ले के लोगों के अनुसार, शांति का अक्सर सास गुड्डी की सेवा न करने पर पति से विवाद होता था। बीती रात को भी दोनों में इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। देशराज तीन भाई है। अपनी पत्नी, बच्चे और मां के साथ अलग रहता है।