
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। पन्नालाल सभागार कलेक्ट्रट में जिला पोषण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। उक्त बैठक में विभाग द्वारा निर्धारित एजेण्डा जैसे नैफेड द्वारा आपूर्ति पोषाहार, हॉटकुक्ड मील योजना, एन0आर0एल0एम0 द्वारा उत्पादित पोषाहार, सैम बच्चे के पोषण स्तर में सुधार, पोषण ट्रैकर, आंगनबाड़ी केन्द्र निर्माण एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों गोद लिये गये अधिकारियों के भ्रमण के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गयी।
नैफेड द्वारा आपूर्ति पोषाहार की समीक्षा की गयी जिसमें मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा निर्देश दिया गया कि पोषाहार उत्पादन इकाई द्वारा बैकलाग पोषाहार की आपूर्ति परियोजना पर यथाशीघ्र कराते हुए बैकलाग की समाप्ति की जाय।
हॉट कुक्ड मील योजना के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय परिसर एवं प्राथमिक विद्यालय से 200 मीटर परिधि में संचालित तथा प्राथमिक विद्यालय से 200 मीटर की परिधि से अधिक दूरी पर संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों में 3-6 वर्ष के बच्चों हेतु पका-पकाया भोजन बनाये जाने की व्यवस्था के सम्बन्ध में विस्तृत समीक्षा की गयी। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिलाधिकारी महोदया के निर्देश के क्रम खण्ड विकास अधिकारियों के सहयोग से सम्बन्धित ग्राम प्रधानों/सभासद द्वारा हॉटकुक्ड मील योजना के अन्तर्गत खाना खाने/खाना बनाने में प्रयुक्त होने वाले बर्तनों को क्रय करके आंगनबाड़ी केन्द्रों को दिया जा रहा है। इसके साथ ही जिन आंगनबाड़ी केन्द्रों में अभी तक हॉटकुक्ड मील योजना के अन्तर्गत खाना बनना प्रारम्भ नही हुआ है उन केन्द्र पर व्यवस्था कराते हुए शीघ्र ही प्रारम्भ करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा दिये गये।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में स्वीकृत 18 आंगनबाड़ी केन्द्रों को तत्काल 1 माह के अन्दर पूर्ण कराये जाने के निर्देश सम्बन्धित कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग, उन्नाव को दिये गये। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2023-24 के स्वीकृत 83 आंगनबाड़ी केन्द्रों से सम्बन्धित कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग/लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता द्वारा बताया कि अभी टेण्डर प्रक्रिया की कार्यवाही प्रकियाधीन है। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा तत्काल कार्य प्रारम्भ कराने के निर्देश दिये गये।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि माह दिसम्बर में 2023 में एन0आर0सी0 में कुल भर्ती कराए गए 30 बच्चों में 24 आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं 06 आर0बी0एस0के0 से भर्ती कराए गए हैं।
पोषण ट्रैकर की फीडिंग में जनपद उन्नाव में मीजरिंग इफिसिएन्सी एवं ग्रह भ्रमण प्रथम स्थान तथा मोबाइल वेरीफिकेशन में द्वितीय स्थान पर है। जिसके क्रम में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मोबाइल वेरीफिकेशन की फीडिंग को पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।



