
उन्नाव। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दृष्टिगत जिला संयुक्त चिकित्सालय, उन्नाव तथा तहसील बीघापुर परिसर से जागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दस्तक अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे द्वारा एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा की उपस्थिति में लोगों को साफ-सफाई एवं सामुदायिक स्वच्छता संबंधी शपथ दिलायी गयी।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी गण पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ जनपद को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। उन्होंने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई तक तथा दस्तक अभियान 17 जुलाई से 31 जुलाई तक जनपद में गंभीरता के साथ संचालित करें ताकि संचारी रोगों का प्रसार रोका जा सके। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज/ग्राम्य विकास, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान एवं सूचना विभाग समन्वित रूप से कार्यवाही संपादित कराएंगे। उन्होंने सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उनके द्वारा अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों के लिए कार्ययोजना के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए। इस महत्वपूर्ण जनहित के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई, स्वच्छता, एंटीलार्वा छिड़काव, फाॅगिंग, नाला-नालियों की सफाई, तालाबों/पोखरों के पास की झाड़ियों की सफाई, सूअर बाड़ों की सफाई तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव आदि कार्य शतप्रतिशत सुनिश्चित कराये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की साप्ताहिक समीक्षा विभाग वार की जाएगी। खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज ने कहा कि अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां प्रतिदिन अपने क्षेत्र में घरों का भ्रमण करेंगी तथा बुखार के रोगियों की सूची, इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस रोगियों की सूची, फाइलेरिया, कालाजार, क्षयरोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची तथा कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर एनएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय पर प्रस्तुत करेंगी।



