
उन्नाव। जन समस्याओं एवं शिकायतों के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हेतु डीएम अपूर्वा दुबे की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा की उपस्थिति में तहसील बीघापुर में आयोजित जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन सामान्य की समस्याएं सुनीं गयीं।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील बीघापुर में डीएम द्वारा राजस्व विभाग की 113, पुलिस विभाग की 28, विकास विभाग की 20 सहित अन्य विभागों की 40 शिकायतों/समस्याओं का अनुश्रवण किया गया। इस अवसर पर कुल 201 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। डीएम द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं ताकि सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि फारियादियों की शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए निस्तारण संतुष्टिपरक कराया जाए। शिकायतों का निस्तारण करने से पूर्व शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से बात कर ली जाए। अधिकारी गण शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील बीघापुर में वन महोत्सव के दृष्टिगत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों को मेरा आंगन मेरा पेड कार्यक्रम के तहत चन्दन, रूद्राक्ष, तुलसी, नींबू, करौन्दा, बेल, आम आदि पौधे वितरित किए गए। इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा लोगों को पेड़ पौधों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों द्वारा गनेशी खेड़ा गांव में केले की जैविक खेती का निरीक्षण किया गया तथा वृक्षारोपण कर वन महोत्सव मनाया गया। इस दौरान डीएम ने जनपद वासियों से अपील की है कि वे पौधारोपण कर वन महोत्सव में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें।




