
सचिन पाण्डेय
उन्नाव।बाइक पर स्टंट करना और रील बनाना युवाओं को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर एक बाइक पर सात युवकों के सवार होने का वीडियो वायरल हो गया।वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मालिक के खिलाफ 16 हजार रुपए का चालान काटा है।
जनपद के पुरवा थाना क्षेत्र के तौरा ग्राम पंचायत के मऊ सुल्तानपुर के रहने वाले एक व्यक्ति की चलती बाइक पर बैठ कर सात युवाओं ने रील बनाई। यातायात के सारे नियमों को ठेंगे पर रख कर धता रील कुछ ही समय में वायरल हो गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस के संज्ञान में भी मामला आया। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर विभिन्न नियमों के उल्लंघन के तहत चालान करते हुए 16 हजार रुपए का जुर्माना ठोका है।
सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया की सोशल मीडिया के माध्यम से उन्नाव पुलिस को एक वीडियो मिला था।इस वीडियो में एक बाइक पर सात युवा बैठे स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं फिर बाइक की जानकारी आरटीओ से की गई तो उसका नंबर यूपी 35 बीई 9825 है।इस बाइक मालिक पर मोटर व्हीकल एक्ट एक्ट के तहत लगभग 16 हजार का चालान किया गया है।
वहीं जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वह बाइक मालिक को ढूंढकर निकाले।इस संदर्भ में उसके बयान लिए जाएंगे और इसके बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।



