
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के अचलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह रायबरेली से आ रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई। पचोड्डू गांव के पास बस से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के दौरान बस का एक टायर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे लपटें और फैल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात नियंत्रित किया, जबकि दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



