
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जोन-पश्चिमी के थाना नाका हिण्डोला पुलिस टीम ने विगत एक वर्ष से फरार चल रहे और इनाम घोषित किए गए कुख्यात लुटेरे कुनाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 3 जनवरी 2026 को जीआरपी कट चारबाग रोड़ से की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त कुनाल सिंह पुत्र कृष्णा प्रताप सिंह उर्फ लाखन सिंह (निवासी यमरौली घाट, कानपुर देहात) पर थाना नाका हिण्डोला में वर्ष 2025 में दर्ज एक सनसनीखेज लूट के मामले में वांछित था।
मामला संख्या 09/25 दिनांक 18 जनवरी 2025 को रोहित नामक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया था। वादी ने बताया था कि अज्ञात अभियुक्तगण ने उन्हें उनकी गाड़ी (यूपी 32 पीएच 5654) में जबरन बैठाकर उनका मोबाइल, कैमरा, पर्स और नकद पैसा लूट लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह नशे की लत और जल्द पैसा कमाने की लालच में लूटपाट करता था।
इस मामले में कुल 8 अभियुक्त प्रकाश में आए थे। पुलिस ने पूर्व में ही 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया था। कुनाल सिंह इस गिरोह का आखिरी फरार सदस्य था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त पश्चिम महोदय द्वारा इनाम घोषित किया गया था।
थाना नाका हिण्डोला की पुलिस टीम ने अथक परिश्रम के बाद इस वांछित अभियुक्त को धर दबोचा। पुलिस अब गिरफ्तार कुनाल सिंह के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही कर रही है।



