
लखनऊ।।राजधानी लखनऊ में एक मामूली पार्किंग विवाद अब बड़ा विवाद बन गया है। जानकारी के मुताबिक आर के पैलेस के मालिक राजेश कुमार जायसवाल के बेटे का बिल्डिंग में रहने वाले दाऊद नामक युवक से पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस घटना के बाद राजेश कुमार जायसवाल लगभग अपने 15-20 साथियों के साथ बिल्डिंग पहुंचे। उस वक्त दाऊद घर पर मौजूद नहीं था, लेकिन उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी।
मामला तब और गरमाया जब आरोप है कि राजेश जायसवाल और उनके एक बिल्डर सहयोगी ने पत्रकारों को बुलाकर प्रेस वार्ता की और बिल्डिंग में रहने वाले लोगों पर गंभीर आरोप लगाए—यहां तक कि आपराधिक गतिविधियों, आतंकवादी होने, अश्लील कार्यों और गोलाबारी जैसी घटनाओं का जिक्र किया गया। हालांकि, पुलिस जांच में इन आरोपों को झूठा बताया जा रहा है।
अब हालात ऐसे बन गए हैं कि आरोप है—जिन लोगों पर आरोप लगाए गए, उन्हीं पर अब समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से इलाके की छवि धूमिल हुई है और इतने गंभीर आरोपों का पुख्ता सबूत सामने आना चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ क्षेत्र की छवि को प्रभावित किया, बल्कि पुलिस और संबंधित एजेंसियों को भी असहज स्थिति में डाल दिया। सवाल ये उठता है कि क्या इन गंभीर आरोपों को लेकर राजेश कुमार जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई होगी, या फिर मामला समझौते और प्रभाव के सहारे दब जाएगा?


