उन्नाव/कन्नौज।
उन्नाव और कन्नौज जिले को हिला देने वाला एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। एक महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को पेट्रोल डालकर जलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा आरोपी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर गया।

हाईवे किनारे जला शव मिलने से मचा था हड़कंपर की रात छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गाजियाबाद–कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे के पास निगोह गांव के समीप सड़क किनारे एक जला हुआ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया था।
जांच में सामने आई मृतका की पहचान
पुलिस जांच में मृत महिला की पहचान मुस्कान उर्फ जन्नत के रूप में हुई। वह कानपुर के अनवरगंज थाना क्षेत्र के कुली बाजार बकरमंडी की रहने वाली थी। मुस्कान तलाकशुदा थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। पिछले करीब एक साल से वह उन्नाव के शुक्लागंज इलाके में किराए के मकान में रह रही थी।
प्रेम संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुस्कान के दो युवकों से एक साथ प्रेम संबंध थे। दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे। महिला के साथ संबंधों को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। 16 दिसंबर की रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर मुस्कान की गला दबाकर हत्या कर दी।
शव को जलाने की साजिश
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए दोनों आरोपियों ने शव को एक क्रेटा कार में रखा। इसके बाद कानपुर होते हुए कन्नौज की ओर रवाना हुए। रास्ते में पेट्रोल खरीदा और छिबरामऊ क्षेत्र में हाईवे किनारे सुनसान स्थान पर शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस चेकिंग में हुई मुठभेड़
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान कैरदा रोड पर वाहन चेकिंग के समय एक संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस को देखते ही कार सवार दोनों युवक नीचे उतरे और पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एहतेशाम नामक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी असलान पुलिस को घेरता देख मौके पर ही सरेंडर कर गया।
अपराध स्वीकार, फूट-फूटकर रोए आरोपी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी फूट-फूटकर रो पड़े और अपने किए पर अफसोस जताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि यदि उन्हें पहले ही सच्चाई पता होती तो वे ऐसा खौफनाक कदम कभी नहीं उठाते।
हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और अवैध हथियार रखने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का बयान
इस मामले में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि यह एक जघन्य अपराध है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत और चर्चा
घटना के बाद उन्नाव के शुक्लागंज समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग इस क्रूर वारदात से स्तब्ध हैं और पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



