
गुरुग्राम (हरियाणा), 18 दिसम्बर। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के सहयोग से एक अनूठी पहल की शुरुआत की गई है। इसके तहत गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी/सिविल सर्जन कार्यालय गुरुग्राम से मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारम्भ किया गया।

चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सिविल सर्जन डॉ. अलका सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे, इसी सोच के साथ इस पहल की शुरुआत की गई है। फिलहाल इसकी शुरुआत जनपद के सोहना और पटौदी विकास खण्डों से की गई है, जहां प्रत्येक विकास खण्ड में एक-एक मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात की गई है।
डॉ. अलका सिंह ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट चयनित गांवों में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार पहुंचकर ग्रामीणों के सामान्य रोगों की जांच एवं परामर्श प्रदान करेगी। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रेफर भी किया जाएगा। इस पहल के तहत रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य रोगों की जांच के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य परामर्श पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाने में भी समुदाय को सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को इलाज पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा और उनका कीमती समय भी बचेगा। समय पर जांच और उपचार मिलने से बीमारियों को गंभीर होने से भी रोका जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट के आगमन की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। जिन गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सीमित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इस योजना में शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज गर्ग ने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट्स हरियाणा के दूरदराज और कम सुविधा वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यह कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए पूरी तरह लाभकारी सिद्ध होगा और नियमित स्वास्थ्य शिविरों के साथ-साथ स्वच्छता एवं मासिक धर्म प्रबंधन से संबंधित जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक रहेगा।

निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट एंड हेड (एचआरबीपी/सस्टेंबिलिटी) प्रियंका शर्मा ने बताया कि परियोजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ओपीडी सेवाएं, प्राथमिक उपचार, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं एनीमिया की जांच और परामर्श सेवाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही प्रजनन, महिला एवं बाल स्वास्थ्य (आरएमएनसीएच), किशोर-किशोरी परामर्श, स्वच्छता, पोषण और गैर-संचारी रोगों से संबंधित जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। इस मौके पर पीएसआई इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर समरेन्द्र बेहरा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से रवाना होने के बाद जब मोबाइल मेडिकल यूनिट सोहना विकास खंड के गांव रिठोज पहुंची तो ग्रामीणों ने इसका स्वागत किया। गांव के सरपंच कप्तान रामवीर सिंह ने मोबाइल मेडिकल यूनिट की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों की स्वास्थ्य समस्याओं का समय पर और आसान समाधान संभव हो सकेगा।



