
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो गाजियाबाद जिले का बताया जा रहा है, जहां पुलिस निरीक्षण के दौरान एक दारोगा अपनी सरकारी पिस्टल का लॉक तक नहीं खोल पा रहा।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी काफी देर तक पिस्टल को हाथ में लेकर जूझते रहे। कभी ट्रिगर दबाने की कोशिश की गई, तो कभी मैगजीन निकाली गई, लेकिन पिस्टल का लॉक नहीं खुल सका। हालात ऐसे बन गए कि अंत में मैगजीन से जोरदार प्रहार कर किसी तरह लॉक खोला गया।
यह पूरी घटना वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई, जिससे मौके पर ही पुलिसकर्मी असहज नजर आए। किसी ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया और अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होते ही लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं—
“अगर सामने कोई खूंखार अपराधी होता, तो क्या यही पुलिस उसे काबू कर पाती?”
यह मामला न केवल पुलिस की हथियार संचालन ट्रेनिंग, बल्कि तैयारी और फील्ड रेडीनेस पर भी सवाल खड़े करता है। हालांकि, इस वायरल वीडियो को लेकर अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और यूपी पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर बहस के केंद्र में है।



