संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।
जनपद उन्नाव में मंगलवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 241 के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
मृतकों की पहचान अशोक अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल, आकाश गुप्ता और अवनीश कुशल के रूप में हुई है। सभी मृतक गाजियाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवारों में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले अशोक अग्रवाल, सुभासपा के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। वे ‘अशोक काला’ नाम से जाने जाने वाले बड़े व्यापारी भी थे। कार सवार सभी लोग किसी सुभासपा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार के दौरान टायर फटना माना जा रहा है। एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


