
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।थाना बीघापुर पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा पत्नी की हत्या करने वाले अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ मे किया गिरफ्तार, बांए पैर मे गोली लगने से अभियुक्त हुआ घायल।
दिनांक 06.11.2025 को थाना बीघापुर क्षेत्रान्तर्गत टिकौली रावतपुर हॉल्ट से 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला, महिला के गले में चोट का निशान था। मृतका की शिनाख्त उसकी माँ के द्वारा उसकी पुत्री उम्र करीब 18 वर्ष निवासी ग्राम दुर्गागंज थाना जगतपुर जनपद रायबरेली के रूप में हुयी। मृतका की माँ की तहरीर पर थाना बीघापुर पर मु0अ0सं0 293/25 धारा 103(1)/238 बीएनएस बनाम अंकुल पुत्र शिवमोहन जाटव उम्र करीब 23 वर्ष निवासी ग्राम खुदायपुर थाना गदागंज जनपद रायबरेली पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे थे। आज दिनांक 07.11.2025 को समय करीब 19.20 बजे थाना बीघापुर पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस की टीम द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत गश्त के दौरान जंगली खेड़ा नहर पुलिया के पास सामने से आते मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया, जिस पर मोटरसाइकिल सवार दाहिनी तरफ मोटरसाइकिल मोड़ कर भागने लगे एवं इसी दौरान पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा पुलिस पर फायर किया गया। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्यवाही में पीछे बैठे बदमाश के बांए पैर मे गोली लगी और वह मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया एवं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल लेकर मौके से भाग निकला। पूछताछ में घायल बदमाश द्वारा अपना नाम अंकुल पुत्र शिवमोहन जाटव उम्र करीब 23 वर्ष निवासी ग्राम खुदायपुर थाना गदागंज जनपद रायबरेली बताया एवं अभियुक्त के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल एक अदद चाकू, खूनालूदा पैंट, एक अवैध तमंचा 315 बोर व 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ एवं अभियुक्त द्वारा फरार साथी का नाम मयंक पुत्र ललित उम्र करीब 18 वर्ष नि0 सुमेरपुर थाना बिहार जनपद उन्नाव बताया। पत्नी की हत्या के संबन्ध में पूछताछ करने पर अभियुक्त द्वारा बताया गया कि मेरा संबंध उपरोक्त महिला से इंस्टाग्राम के जरिये नवंबर 2024 में हुआ था। मेरा विवाह 15.04.2025 को उपरोक्त महिला के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद दोनों के मध्य विवाद हो गया जिसके उपरांत पति-पत्नी मिश्रीलाल चौराहा कानपुर नगर में किराये के मकान में रहने लगे। दिनांक 01.11.2025 को दोनों पति पत्नी के मध्य विवाद हुआ जिसके पश्चात दिनांक 05.11.2025 को रायबरेली पैसेंजर ट्रेन से समय 16.30 बजे कानपुर नगर से अपने घर ग्राम खुदायगंज जा रहे थे। रास्ते में हम दोनों का ट्रेन मे ही झगड़ा हुआ तथा थाना बीघापुर क्षेत्रान्तर्गत रावतपुर टिकौली हाल्ट पर दोनों उतर गये तथा मैने चाकू से अपनी पत्नी पर हमला कर हत्या कर दी और वहां से भाग गया। घायल अभियुक्त को सीएचसी बीघापुर ले जाया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।



