
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना प्रकाश वस्त्रालय के पास हुई, जहां गदनखेड़ा निवासी सरोजनी को एक अज्ञात कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, सरोजनी किसी निजी कार्य से शहर आई थीं, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। हादसे में सरोजनी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल होने के कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया।सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया। मृतका की पहचान अवधेश की पत्नी सरोजनी (50 वर्ष) निवासी गदनखेड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अवधेश विदेश में कार्यरत हैं, जबकि परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना में शामिल कार की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



