
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना कैसरबाग की पुलिस टीम ने जालसाजी और धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आलोक मय खरे उम्र 42 वर्ष, निवासी नजीराबाद रोड, कैसरबाग के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता श्री विक्रम सिंह निवासी सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ की तहरीर पर थाना कैसरबाग में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप के मुताबिक, आलोक मय खरे ने मोहनलालगंज तहसील के ग्राम बलसिंह खेड़ा में स्थित एक जमीन का फर्जी कूटरचित साइट प्लान नक्शा तैयार किया था। इस जाली दस्तावेज को दिखाकर उसने कई लोगों नागेन्द्र कुमार, उमेश कुमार, रमेश सिंह, ओम प्रकाश, अनिल कुमार यादव आदि के साथ धोखाधड़ी की और उनका धन हड़प लिया।
मामले की जांच कर रहे उप-निरीक्षक रामकेश सिंह ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 20 जून 2026 की रात 11:20 बजे थाना कार्यालय से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में कांस्टेबल विपिन कुमार भदौरिया भी शामिल रहे। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




