
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह हादसा हरदोई-उन्नाव मार्ग स्थित रघुरामपुर पुलिया के पास हुआ, जब एक बेकाबू पिकअप लोडर ने युवक की इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बकरियों से लदा पिकअप लोडर हरदोई से बांगरमऊ की ओर आ रहा था। इस दौरान सामने से आ रही स्कूटी को उसने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और लोडर बेकाबू होकर खंती में जा घुसा। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।लोडर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि मृतक युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि हादसे के हर पहलू की जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



