जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।जनपद के गंगाघाट थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। एवन ढाबा के पास बुलेट मोटरसाइकिल और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कानपुर–उन्नाव मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है।
त्रिभुवन खेड़ा के पास एवन ढाबा के समीप गोरेलाल (18) पुत्र कल्लू निवासी जुराखन खेड़ा, थाना गंगाघाट अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर अचानक नियंत्रण खोने से यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा। दुर्घटना के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिन्हें पुलिस ने बाद में हटवाकर यातायात सामान्य कराया। थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है तथा फरार चालक की तलाश जारी है। डंपर को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।



