
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।अजगैन–मोहान मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में फरहदपुर निवासी 55 वर्षीय ओम प्रकाश सिंह की मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे फरहदपुर गांव के पास हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश सिंह उन्नाव से अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी विमला देवी ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने नदी किनारे अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया कि ओम प्रकाश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। भाई विजय, राकेश, राजेंद्र और संतोष इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है, परंतु परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



