
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट के निर्देशन में, अपराधियों के खिलाफ चल रहे निरंतर अभियान के तहत मड़ियांव पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके पास से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की है। यह गिरफ्तारी मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई।
थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा के नेतृत्व में मड़ियांव पुलिस टीम भिटौली तिराहे पर वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि सीतापुर रोड पुल के पास भिटौली चौराहे की तरफ एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल पर बैठा है और उसके पास अवैध स्मैक है।
सूचना मिलते ही, प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा ने बिना समय गंवाए अपनी टीम के साथ मौके पर घेराबंदी की। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तौकीर अहमद, निवासी न्यू दाउदनगर, फैजुल्लागंज, मड़ियांव, लखनऊ बताया।
तलाशी लेने पर, पुलिस को उसके कब्जे से 75 छोटी पुड़ियों में कुल 23 ग्राम अवैध स्मैक मिली। मड़ियांव पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ कमिश्नरेट के सख्त निर्देशों के कारण पुलिस टीमें लगातार ऐसे आपराधिक तत्वों पर नजर रख रही हैं और उनके मंसूबों को नाकाम कर रही हैं।



