
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को राज्य अतिथि का दर्जा देकर उन्हें एक विशेष सम्मान प्रदान किया है। यह सम्मान न केवल उनके योगदान का आदर है, बल्कि सरकार की ओर से सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी हर जिम्मेदारी गंभीरता से निभाई जा रही है। शुभांशु शुक्ला को लखनऊ स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में ठहराया गया है। उनके रुकने, खाने और आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाएं सरकार ने की हैं।
उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी डिप्टी एसपी रैंक के एक अधिकारी को दी गई है, जो हर समय उनके साथ रहेंगे और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। उनकी सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से एक एस्कॉर्ट गाड़ी भी दी गई है। यह वाहन उनके हर मूवमेंट में साथ रहेगा ताकि कहीं भी आवाजाही के दौरान कोई परेशानी न हो।
राज्य अतिथि होने के बावजूद शुभांशु शुक्ला को अपने घर जाने से रोका नहीं गया है, लेकिन प्रशासन ने उनके घर जाने की योजना स्थगित कर दी है। इसका कारण बताया गया है कि उनके घर की गलियां संकरी हैं और भीड़ जमा होती है तो कानून व्यवस्था और ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है। शुभांशु की हर गतिविधि सुरक्षा एजेंसियों और सरकार की निगरानी में होगी। कहीं भी जाने के लिए पहले अनुमति, प्रोटोकॉल की जानकारी देना अनिवार्य होगा। बिना पूर्व सूचना के वे कहीं नहीं जा सकते। हर कार्यक्रम या मीटिंग की सुरक्षा व्यवस्था पहले से तय की जाएगी।



