
कैसरबाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पकड़ा आरोपी,
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। कैसरबाग थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी की हत्या करने का प्रयास करने वाले एक पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर की। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी पर तमंचे से गोली चलाई थी, जो सौभाग्य से उसे छूकर निकल गई।
शिकायतकर्ता पत्नी ने कैसरबाग थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उसका पति शादी से नाराज रहता था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। हाल ही में, जब आरोपी घर आया, तो उसने फिर से झगड़ा शुरू कर दिया और अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चला दी। गोली उसकी कमर को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गई।घटना की सूचना मिलते ही, कैसरबाग थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने फुर्ती दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा और गोली भी बरामद कर ली है।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अपराध को रोकने के लिए पुलिस लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। यह गिरफ्तारी कैसरबाग पुलिस की तत्परता और सक्रियता का एक और उदाहरण है।


