
गौरीगंज, अमेठी: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के पूर्व राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कौहार, जनपद अमेठी (योग वैलनेस सेंटर) के तत्वावधान में वृद्ध जन आवास, गौरीगंज में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसायटी के निदेशक हरिकेश चौरसिया के निर्देशानुसार तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अब्दुल बारी, नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक माधवेंद्र प्रताप सिंह, और फार्मासिस्ट इंचार्ज शैलेंद्र मौर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

योग प्रशिक्षक राजेश कुमार दुबे एवं योग सहायक राजमोहन द्वारा वृद्धजनों को ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन जैसे योगासनों एवं कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे प्राणायामों का अभ्यास कराया गया।
साथ ही ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम के अंतर्गत ध्यान, आहार-विहार, दिनचर्या, घरेलू उपचार, नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर से संबंधित जानकारी भी दी गई। वृद्धजनों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के सरल उपाय सिखाए गए।
प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा, “योग केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति का भी माध्यम है। यह हमें बीमारियों से बचाकर एक नई पीढ़ी को स्वस्थ भारत की दिशा में प्रेरित करता है।”
कार्यक्रम में व्यवस्थापक राजेश सिंह, सुधांशु सिंह, प्रेम शंकर द्विवेदी सहित वृद्ध जन आवास के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृद्धजनों को योग के प्रति जागरूक करने में सहयोग किया।
योग प्रशिक्षक राजेश कुमार द्विवेदी की ईमानदार सेवाओं की सराहना करते हुए यह भी कहा गया कि अमेठी जैसे क्षेत्र में उनके प्रयास समाज में स्वास्थ्य जागरूकता की एक मजबूत नींव रख रहे हैं।



