
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। ईद-उल-अजहा का त्यौहार शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जिले की प्रमुख जामा मस्जिद और ईदगाहों में दो शिफ्ट में नमाज का आयोजन किया गया। पहली नमाज बड़ी ईदगाह में सुबह 6:45 बजे काजी ए शहर मौलाना निसार अहमद मिस्बाही के इमामत में अदा की गई वहीं दूसरी ओर बड़ी ईदगाह में भीड़ ज्यादा होने की कारण ईदगाह कमेटी के सदर मोइनुल हक फारूकी ने बताया की दूसरी जमाअत 7:45 पर मौलाना फैज की इमामत में अदा की गई और दूसरी 7:30 बजे अदा की गई। जामा मस्जिद, ईदगाह कॉलोनी, रहमत नगर मस्जिद, अहमद नगर, मदनी नगर, गोताखोर और करीमुल्ला कॉलोनी की मस्जिदों में हजारों नमाजी एकत्र हुए। सभी ने देश की तरक्की और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
बता दे कि इस्लामी परंपरा के अनुसार, कुर्बानी के गोश्त को तीन भागों में बांटा गया। एक हिस्सा परिवार के लिए, दूसरा रिश्तेदारों के लिए और तीसरा गरीबों के लिए रखा गया। शरीयत के नियमों का पालन करते हुए कुर्बानी का प्रदर्शन नहीं किया गया। त्योहार से एक दिन पहले शुक्रवार शाम को बाजारों में खासी भीड़ देखी गई। लोगों ने इत्र, टोपी, सेवईं और अन्य सामान खरीदा। महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री और कपड़ों की खरीदारी की। मुस्लिम बहुल इलाकों में देर रात तक बाजार सजे रहे। जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मस्जिदों का दौरा कर नमाजियों को ईद की बधाई दी है।



