
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। हसनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें शादी में शामिल होने आए एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की पहचान गोपाल शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के जन कइया थाना क्षेत्र चौकी जिला कुमाऊं के निवासी थे। उनके पिता भीकम शर्मा अब भी वहीं निवास करते हैं। मृतक गोपाल लखनऊ के बुद्धेश्वर क्षेत्र में किराए के मकान में परिवार सहित रहते थे और वहीं मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। गोपाल शर्मा अपनी बहन की शादी में शामिल होने हसनगंज आए थे। शादी की खुशियों के बीच यह घटना उस वक्त घट गई जब वह सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल गोपाल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची हसनगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उनके रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। मृतक गोपाल शर्मा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका 17 वर्षीय बेटा कृष्णा और दो बेटियां 11 वर्षीय दिव्या व 12 वर्षीय कोमल अभी पढ़ाई कर रहे हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों की आंखें बेसहारा भविष्य की चिंता में डबडबा गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण में कोई बाधा न आए। वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।



