
फतेहपुर, 07 जून 2025:
बकरीद पर्व से ठीक पहले फतेहपुर जनपद की हुसैनगंज पुलिस और इंटेलिजेंस विंग को मिली बड़ी सफलता, जब उन्होंने गौकशी की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस और गौ-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक तस्कर घायल हो गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने दिनांक 5 जून को हुसैनगंज थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 133/2025 के तहत गौवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 व पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत दो अभियुक्तों— 1. मो. शैफ उर्फ अन्जान उर्फ बबलू, पुत्र चांद, निवासी महमूदपुर थाना थरियांव।
अनिकेत, पुत्र रामसंजीवन, निवासी उदई सराय थाना थरियांव —को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त शैफ ने पुलिस को गौवध से संबंधित उपकरणों की बरामदगी हेतु कठेरवा गांव के पास स्थान बताया। जब पुलिस टीम अभियुक्त को लेकर वहां पहुंची, तभी उसने एक कांस्टेबल की पम्पगन छीनकर अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी हुसैनगंज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर गौकशी में प्रयुक्त लकड़ी का ठीहा, बांका, नायलॉन की रस्सी, बड़ी पॉलिथीन व खाद की बोरियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त का इलाज कराया जा रहा है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में स्थानीय थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को ऐसे संदिग्ध तत्वों की जानकारी हो तो तत्काल सूचना दें, जिससे समाज में सौहार्द बना रहे और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।



