
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ को अब आधिकारिक रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस के पैनल में शामिल कर लिया गया है। इस निर्णय के बाद संपूर्ण उत्तर प्रदेश पुलिस बल एवं उनके आश्रित मेदांता हॉस्पिटल की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस साझेदारी के तहत मेदांता हॉस्पिटल में समस्त चिकित्सा सेवाएं CGHS (केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना) द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार प्रदान की जाएंगी। इससे न केवल इलाज की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि खर्च भी नियंत्रित रहेगा, जिससे पुलिस बल के जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है, जो मरीजों को संपूर्ण एवं भरोसेमंद चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए कार्यरत है। यह पहल उत्तर प्रदेश पुलिस बल के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस पैनल व्यवस्था से न केवल राजधानी लखनऊ, बल्कि प्रदेशभर में तैनात पुलिसकर्मियों और उनके आश्रितों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें अब इलाज के लिए एक विश्वसनीय और उन्नत विकल्प उपलब्ध होगा।
यह कदम प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस बल की भलाई और सुविधा को प्राथमिकता देने के दृष्टिकोण को भी स्पष्ट रूप से दर्शाता है।