
सचिन पाण्डेय
उन्नाव। तहसील हसनगंज के ग्राम अहमदपुर वादे में 8 सितंबर की घटना, जिसमें जच्चा-बच्चा दोनों की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी, तत्संबंध में पीड़ित परिवार के घर जाकर उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम जी त्रिपाठी द्वारा परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की गयी।
तत्पश्चात सीएचसी हसनगंज का निरीक्षण कर उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गयी, जिसमें 11 स्टाफ अनुपस्थित पाए गए। इस मौके पर उनके द्वारा अनुपस्थित स्टाफ पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जच्चा-बच्चा वार्ड का निरीक्षण कर वार्ड में भर्ती महिलाओं से चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गयी तथा महिला शौचालय की खस्ताहाल व्यवस्था देखकर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाते हुए अस्तपाल में साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गत 02 अक्टूबर को बांगरमऊ विधानसभा के माखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पवई के जंगलों में 13 वर्षीय बालिका का शव पाया गया था, इस घटना के विवेचक के साथ लालता खेड़ा गांव में पहुंचकर पीड़ित के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की गयी तथा परिवार को हर संभव मदद दिलवाने का आश्वासन दिया गया।
इसके उपरान्त मा0 सदस्य द्वारा उन्नाव शहरी क्षेत्र के बाल प्राथमिक पाठशाला सिविल लाइन विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय नवीन सिविल लाइन 2 का निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता, मिड डे मील की जानकारी ली गयी तथा विद्यालय के स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए गए। तत्पश्चात निरीक्षण भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें महिला एवं बाल कल्याण को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर बाल कल्याण की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।


