
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के मड़ियांव थाने की टीम ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने ई-रिक्शा और टेंपो में सफर करने वाले यात्रियों के बैग से कीमती गहने और सामान चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
यह कार्रवाई 11 मई 2026 की रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भिठौली तिराहे के पास अंजाम दी गई। पकड़े गए आरोपियों के पास से पीली धातु का एक हार, दो चैन, दो मंगलसूत्र, एक माथे का टीका, एक अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स और ₹29,400 की नकदी बरामद हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जय प्रकाश उर्फ जैकी, मनोज कुमार, रजनी, रामवती और अनीता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा और राजस्थान के निवासी हैं और लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में अस्थाई रूप से रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सवारियों के बैग से कीमती सामान चोरी कर उन्हें बेचते थे और उसी से अपना गुजारा करते थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।


