
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सआदतगंज पुलिस और सर्विलांस टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रामनगर कैंपवेल रोड स्थित एक बंद मकान में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इमरान और मोहम्मद जमाल के रूप में हुई है। इनमें से मोहम्मद जमाल एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे पहले सुनसान और बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और फिर देर रात या भोर के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में माल बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान में ₹23,700 की नकदी, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। वादी मुजीब द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

