
सचिन पाण्डेय
उन्नाव। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे कि अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में ‘‘जिला सैनिक बन्धु‘‘ की बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित सैनिकों एवं अधिकारियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनायें देते हुये पूर्व में सम्पन्न ‘‘जिला सैनिक बन्धु बैठक‘‘ में उठाये गये पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, भूमि विवाद आदि लम्बित बिन्दुओं पर की गयी कार्यवाही का अनुश्रवण करते हुये उन्हे त्वरित निस्तारित कराये जाने के आदेश दिये गये।
बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों की विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी, उन्नाव एवं स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा द्वारा गम्भीरता से सुना और पूर्व नायक संजय कुमार की जमीन पर चारदीवार कराने पर अवरोध उत्पन्न करने सम्बन्धी शिकायत पर नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु उपजिलाधिकारी पुरवा को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने जनपद के अधिकारियों को आदेशित किया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, जमीन व सम्पत्ति विवाद, लड़ाई-झगडे़, चकबन्दी एवं नगर पालिका, बिजली विभाग से सम्बंधित जो भी समस्यायें पटल पर आयें उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाये। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला सैनिक बन्धु बैठक के पटल पर ही पूर्व सैनिकों की समस्याओं को यथा सम्भव निस्तारित कराया जाय।
मधु मिश्रा ने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनकी समस्याओं को प्रत्येक कार्य दिवसों में जिला प्रशासन एवं जनपदीय अधिकारियों के साथ सामन्जस्य मिला कर निस्तारित कराया जाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय उन्नाव द्वारा पूर्व सैनिकों की पत्नियों एवं उनके आश्रितों का सशक्तिकरण एवं स्वावलम्बी बनाने हेतु निःशुल्क चिकनकारी प्रशिक्षण निकट भविष्य में दिलाया जायेगा। प्रशिक्षण हेतु इच्छुक वीर नारियां कार्यालय में अपना पंजीकरण करा सकतीं हैं। साथ ही कक्षा 1 से 12 तक शैक्षिक सहायता, तकनीकी शिक्षा हेतु प्रधानमंत्री शैक्षिक सहायता, पुत्री विवाह अनुदान आदि योजनाओं के बारे में जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में लाभान्वित होने हेतु पूर्व सैनिकों का आवाहन किया। पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याणार्थ गठित ‘‘सशस्त्र सेना झण्डा दिवस फण्ड‘‘ में जनपद की उद्यम इकाईयों से अधिक से अधिक धनराशि जमा कराने का अनुरोध किया। इस सम्बन्ध में अपर जिलाधिकारी, वित्त एवं राजस्व द्वारा बैठक में उपस्थित जिला उद्योग केन्द्र के प्रतिनिधि को धनराशि संग्रहीत कराकर अविलम्ब जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में जमा कराने हेतु आदेश दिया गया।
इस बैठक में उपस्थित जिला सैनिक बन्धु समिति के उपाध्यक्ष पूर्व कर्नल डी0पी0 सिंह ने सोल्जर बोर्ड, उन्नाव द्वारा नियमित आयोजित कराये जाने वाली ‘‘जिला सैनिक बन्धु बैठक‘‘ के माध्यम से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं की त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया एवं प्रयासों की प्रशंसा की, साथ ही जिलाधिकारी द्वारा पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता को दर्शाने के लिये आभार प्रकट किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) नरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विकास कुमार सिंह, सी0ओ0 सिटी, आशुतोष कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी, प्रीती चन्द्रा, अखिलेश शर्मा, पूर्व सैनिक आ0फ्लाइट ले0 आर0एस0 यादव, पूर्व सुबेदार राजेश कुमार मिश्र, पूर्व सुबेदार मिर्जा इदरीश बेग, पूर्व सुबेदार प्रेमलाल व कार्यालय के कर्मचारी शिव प्रसाद, राकेश मिश्रा, राजीव, सपना, उमाकान्त सहित भारी संख्या में पूर्व सैनिक व उनके आश्रित आदि उपस्थित रहे।


