
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।शासकीय योजनाओं का सही ढंग से क्रियावन्यन कर सर्वांगीण विकास एवं समाज के अतिंम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को सुगमता से पहुॅचाने तथा ग्रामीण जनता में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तहसील पुरवा के विकास खण्ड हिलौली अन्तर्गत ग्राम पंचायत करदहा में जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे की अध्यक्षता में जन चौपाल आयोजित की गयी।
ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी द्वारा ग्रामीण विद्युतीकरण, पीएम आवास, मनरेगा, आंगनबाड़ी केंद्र, ऑपरेशन कायाकल्प, पेयजलापूर्ति, स्वच्छ भारत मिशन, निःशुल्क बोरिंग, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पशु टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी।समीक्षा में पाया गया कि ग्राम करदहा में सौभाग्य योजना के तहत 386 विद्युत कनेक्शन हैं।वित्तीय वर्ष 2021-22 में 7 पीएम आवास पूर्ण कराये गए हैं।मनरेगा के तहत आवंटित 3238 मानव दिवस के सापेक्ष 53% लक्ष्य की प्राप्ति हुई है जिसमें रु 3.721 लाख की धनराशि व्यय की गयी है।वित्तीय वर्ष 2022-23 में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत रु 7.881 लाख की लागत से प्रा0पा0 करदहा में दिव्यांग शौचालय एवं पोषण वाटिका, उ0प्रा0पा0 करदहा एवं प्रा0पा0 बाजखेड़ा में बालक/बालिका शौचालय आदि निर्माण कार्य कराए गए हैं।पेयजलापूर्ति हेतु पूरी ग्राम पंचायत में 2 हैंडपम्पों को रिबोर 20 हैंडपम्पों की मरम्मत का कार्य किया गया है।स्वच्छ भारत मिशन फेस 2 में 26 शौचालय पूर्ण कराये गए हैं।ग्राम पंचायत करदहा में वृद्धावस्था पेंशन के 87, निराश्रित महिला पेंशन के 25, दिव्यांग पेंशन के 11 लाभार्थी हैं।यहां 490 पशुओं का टीकाकरण तथा 72 का कृत्रिम गर्भाधान कराया गया है।
इस मौके पर डीएम ने ऋणमोचन योजना, मिड-डे मील, राशन वितरण, परिषदीय विद्यालयों में यूनीफाॅर्म, स्वेटर एवं किताबों का वितरण, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बालसेवा योजना आदि की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के अनुुसार शतप्रतिशत लोगों को जनकल्याण कारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।इस अवसर पर गौशालाओं के संरक्षकों को कम्बल तथा निराश्रित महिलाओं को शॉल वितरित किए गए।जन चौपाल के दौरान मौके पर ही पेंशन, गोल्डन कार्ड, राशन कार्ड आदि के पात्र पुरूष व महिलाओं के आवेदन कराए गए।इस दौरान डीएम ने आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए जा रहे गोल्डन कार्डों की प्रगति पर नाराजगी जताई तथा सीएमओ को निर्देश दिए कि गांव में कैम्प लगवा कर सभी पात्र व्यक्तियों को गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। इस मौके पर ग्रामवासियों द्वारा डीएम से गांव में एक इंटर कॉलेज तथा एक अनाज की मंडी स्थापित कराने की मांग की गयी।
ग्राम चौपाल में सीडीओ ऋषि राज, एडीएम (वि/रा) नरेन्द्र सिंह, सीएमओ डा0 सत्य प्रकाश, डीडीओ संजय पांडेय, एसडीएम पुरवा अतुल कुमार सीवीओ डॉ अनिल पांडेय, डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र सिंह, बीएसए संजय तिवारी, डीएसओ रामेश्वर प्रसाद, डीपीओ रेनू यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।



