सहारनपुर।।उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में अवैध निर्माण और भू-उपयोग उल्लंघन का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह सतर्क कर दिया है। सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पत्र भेजकर ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, जिसने विभाग की सील तोड़कर आवासीय क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी का कारखाना (आरा-मशीन) संचालित किया।
प्राधिकरण की जांच के अनुसार, पुराना कलसिया रोड स्थित बाबर कॉलोनी निवासी सलीम अहमद द्वारा लगभग 150 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण किया गया था। इस पर उ.प्र. नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई करते हुए 13 अक्टूबर 2025 को भवन को सील कर दिया गया था।
आईजीआरएस शिकायत मिलने पर 17 फरवरी 2026 को जब विभागीय टीम ने दोबारा निरीक्षण किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ—सरकारी सील तोड़ी जा चुकी थी और अंदर आरा-मशीन का संचालन जारी था।
यह न केवल सरकारी आदेश की खुली अवहेलना थी, बल्कि आवासीय क्षेत्र के नियमों का गंभीर उल्लंघन भी था। इसके बाद 9 मार्च 2026 को टीम ने पुनः सीलबंदी की कार्रवाई की।
जांच के दौरान आरोपी पक्ष ने खुद को बचाने के लिए शिकायतकर्ताओं साजिद सलमानी और अब्दुल खालिद सलमानी पर वसूली के झूठे आरोप लगाए। आरोप था कि वे खुद को SDA का अधिकारी बताकर पैसे मांग रहे थे, लेकिन स्थानीय जांच और पड़ोसियों से पूछताछ में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला, जिससे यह दावा निराधार साबित हुआ।
अब मामले में नया मोड़ यह आया है कि शिकायतकर्ता साजिद सलमानी व खालिद सलमानी के खिलाफ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भ्रामक खबरें फैलाए जाने की बात सामने आई है। उनके समर्थकों का कहना है कि उन्हें बदनाम कर कार्रवाई से बचने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में चेतावनी दी गई है कि झूठी व भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद के उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी द्वारा शिकायतकर्ताओं को समर्थन दिए जाने की बात भी सामने आई है और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
SDA सचिव ने SSP को भेजे पत्र में स्पष्ट कहा है कि सरकारी सील तोड़ना, अवैध निर्माण करना और आवासीय क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधि चलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। स्थानीय लोगों ने भी इस अवैध गतिविधि से शोर, प्रदूषण और सुरक्षा खतरे की शिकायत की है।
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और यदि आरोप पूरी तरह सिद्ध होते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। 150 वर्ग मीटर में अवैध निर्माण
सरकारी सील तोड़कर अवैध संचालन आवासीय क्षेत्र में आरा-मशीन चलाना वसूली के आरोप जांच में झूठे पाए गए
शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रामक खबरें फैलाने का आरोप
झूठी सूचना फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी



