
सहारनपुर। रामपुर मनिहारान कस्बे में महिला पर हुए जानलेवा हमले के वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। घटना सामने आने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का कटर भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार रामपुर मनिहारान के मोहल्ला सराय निवासी अहकाम पुत्र मोहम्मद इकराम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शाहबाज पुत्र वहीद और उसकी पत्नी सानिया ने पहले फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपी उनके घर में घुस आए और वादी तथा उसकी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर मनिहारान पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहबाज को बाईपास नया बाजार स्थित राजविहार कॉलोनी गेट के अंदर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का कटर भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वायरल वीडियो और खबर सामने आने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में राहत की भावना है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



